Lucknow Desk : झांसी में गुब्बारे बेच रहे एक बच्चे की लोडर की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया। घटना से नाराज परिजन बच्चे का शव लेकर सदर बाजार थाने पहुंच गए। परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया था, लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया गया। इसी के विरोध में परिवार के लोग थाने के बाहर सड़क पर बैठ गए और आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। जानकारी के मुताबिक, घटना झांसी के सदर बाजार थाना क्षेत्र की है।
यहां दुर्गा पंडाल के बाहर एक परिवार गुब्बारे बेच रहा था। इसी दौरान एक लोडर की चपेट में आने से मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बच्चे की मौत से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पर चालक को छोड़ने का आरोप हादसे के बाद पुलिस ने लोडर और उसके चालक को कब्जे में ले लिया था। हालांकि, मृतक बच्चे के परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने बाद में लोडर से माल खाली करवाया और चालक को छोड़ दिया। इसी बात को लेकर परिवार के लोगों में नाराजगी बढ़ गई।
परिजनों का कहना है कि बच्चे की मौत के मामले में उचित कार्रवाई होनी चाहिए। इसी मांग को लेकर वे मासूम का शव लेकर सदर बाजार थाने पहुंच गए और थाने के बाहर सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करने लगे। कार्रवाई की मांग पर अड़े परिजन घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मी प्रदर्शन कर रहे परिजनों को समझाने और स्थिति को संभालने में जुटे हैं। परिजन मामले में कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इस घटना के बाद इलाके में माहौल गमगीन हो गया। फिलहाल, परिजनों के आरोपों और मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति पर नजर बनी हुई है।