Lucknow News : कानपुर के स्वरूप नगर स्थित SBI शाखा में लॉकर से करीब 50 लाख रुपये के पुश्तैनी जेवर गायब होने का मामला सामने आया है। महिला ने बैंक कर्मचारियों पर साजिश के तहत जेवर हड़पने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने शाखा प्रबंधक समेत संबंधित बैंक कर्मचारियों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, महिला ने वर्ष 2003 में स्वरूप नगर स्थित SBI शाखा में लॉकर नंबर-23 खुलवाया था। इसमें उसने अपने पुश्तैनी सोने के जेवर रखे थे। महिला के अनुसार, वह आखिरी बार वर्ष 2011 के आसपास बैंक गई थी। इसके बाद वह लंबे समय तक लॉकर देखने बैंक नहीं पहुंची। हालांकि, उसके बैंक खाते से लॉकर का किराया लगातार कटता रहा।
करीब चार महीने पहले जब महिला बैंक पहुंची और अपने लॉकर के बारे में जानकारी मांगी तो बैंक के रिकॉर्ड में शुरुआत में लॉकर नंबर-23 का पता नहीं चल सका। महिला के मुताबिक, काफी मशक्कत के बाद बैंक अधिकारियों ने रिकॉर्ड खंगाला, जिसके बाद लॉकर नंबर-23 का रिकॉर्ड सामने आया। इसके बाद 27 जुलाई को बैंक कर्मचारियों की मौजूदगी में लॉकर खोला गया। लॉकर खुलने के बाद महिला के होश उड़ गए। उसके मुताबिक, लॉकर में रखे करीब 50 लाख रुपये के पुश्तैनी जेवर गायब थे। महिला ने आरोप लगाया कि उसकी गैरमौजूदगी और उसकी चाबी के बिना लॉकर खोला गया और जेवर निकाल लिए गए। मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर लॉकर महिला की चाबी के बिना खोला गया तो इसे किस प्रक्रिया के तहत खोला गया?
वर्ष 2011 से 2026 के बीच लॉकर तक किसकी पहुंच रही और इसे खोलने का आदेश किसने दिया? बैंक के लॉकर रिकॉर्ड में इसकी जानकारी दर्ज है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने शाखा प्रबंधक और संबंधित बैंक कर्मचारियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। पुलिस अब लॉकर से जुड़े दस्तावेज, रिकॉर्ड, चाबी और लॉकर संचालन से संबंधित जानकारी खंगाल रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इतने वर्षों के दौरान लॉकर को किसने और कब खोला। पुलिस बैंक कर्मचारियों की भूमिका समेत मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि लॉकर से जेवर कब गायब हुए और इसके लिए कौन जिम्मेदार है। घटना सामने आने के बाद बैंक शाखा में भी हड़कंप मचा हुआ है।