Lucknow Desk : लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में MBBS इंटर्न छात्रों ने स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर भूख हड़ताल शुरू कर दी है। छात्रों का कहना है कि उन्हें वर्तमान में करीब 12 हजार रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जा रहा है, जो उनकी जिम्मेदारियों और काम के मुकाबले काफी कम है। प्रदर्शन कर रहे छात्रों की मुख्य मांग स्टाइपेंड को बढ़ाकर 30 हजार रुपये प्रतिमाह करने की है। छात्रों का दावा है कि देश के कई अन्य राज्यों में MBBS इंटर्न को 30 से 35 हजार रुपये तक स्टाइपेंड दिया जा रहा है।
ऐसे में उनका कहना है कि उत्तर प्रदेश में भी इंटर्न छात्रों के स्टाइपेंड में उचित बढ़ोतरी की जानी चाहिए। छात्रों ने साफ किया है कि अगर उनकी मांग पर जल्द फैसला नहीं लिया गया तो आंदोलन को और बड़ा किया जाएगा। उन्होंने मांग पूरी नहीं होने की स्थिति में अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी भी दी है। प्रदर्शन के दौरान छात्रों की ओर से विधानसभा की तरफ कूच करने की बात भी कही गई है। स्थिति को देखते हुए KGMU के मुख्य द्वार पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
प्रशासन की ओर से छात्रों से बातचीत कर मामले को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने की कोशिश की जा रही है। इंटर्न छात्रों के प्रदर्शन का असर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, मरीजों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए अस्पताल प्रशासन की ओर से व्यवस्थाओं पर नजर रखी जा रही है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि सरकार और KGMU प्रशासन छात्रों की स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग पर क्या फैसला लेता है।