Lucknow Desk : लखनऊ के ऐशबाग रेलवे स्टेशन परिसर में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला अचानक स्टेशन परिसर में बने टावर पर चढ़ गई। महिला के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही रेलवे और स्थानीय पुलिस प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर जीआरपी, आरपीएफ और बाजारखाला थाना पुलिस की टीम पहुंची और महिला को नीचे उतारने के लिए समझाने का प्रयास शुरू किया। जानकारी के मुताबिक, महिला गाजीपुर से लखनऊ आई थी। वह जमीन से जुड़े एक विवाद की शिकायत लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलना चाहती थी। महिला का कहना था कि वह अपनी समस्या मुख्यमंत्री तक पहुंचाना चाहती है।
इसी मांग को लेकर वह ऐशबाग स्टेशन परिसर में टावर पर चढ़ गई और मुख्यमंत्री से मिलने की जिद करने लगी। महिला के टावर पर चढ़ने की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी। किसी तरह की अनहोनी न हो, इसके लिए दमकल विभाग की टीम को भी बुलाया गया। महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए हाइड्रोलिक गाड़ी भी मौके पर मंगाई गई। काफी देर तक पुलिस और प्रशासन की टीम महिला से बातचीत करती रही। बाजारखाला थाना प्रभारी बृजेश सिंह ने महिला को समझाते हुए भरोसा दिलाया कि उसकी शिकायत को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
पुलिस की लगातार समझाइश के बाद महिला टावर से नीचे उतरने के लिए तैयार हो गई। इसके बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। पुलिस ने महिला से पूरे मामले की जानकारी ली और जमीन से जुड़े विवाद की शिकायत के संबंध में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। फिलहाल, शुरुआती जानकारी में महिला के टावर पर चढ़ने की मुख्य वजह जमीन संबंधी विवाद और मुख्यमंत्री से मुलाकात की मांग सामने आई है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।