Lucknow Desk : आज सोमवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रेस conference की । जिसमे उन्होंने अपने पार्टी के सरकार बनाने पर कई बातें कही। सोमवार को लखनऊ में कई मुद्दों पर अपनी पार्टी का रुख साफ किया। उन्होंने कहा कि अगर उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनती है तो कर्मचारियों के लिए ओल्ड पेंशन स्कीम लागू की जाएगी। अखिलेश यादव ने कहा कि पार्टी जब अपना घोषणापत्र जारी करेगी, तब यह भी बताया जाएगा कि इस योजना के लिए वित्तीय व्यवस्था किस तरह की जाएगी। अखिलेश यादव ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई बातें कहीं।
उन्होंने आरोप लगाया कि मदरसों के साथ भेदभाव किया गया है। उन्होंने कहा कि संस्कृत विद्यालयों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा और राजकीय विद्यालयों की व्यवस्था में सुधार किया जाएगा। कॉलेजों में लागू सेमेस्टर सिस्टम को खत्म करने की बात भी उन्होंने कही। शिक्षा मित्रों को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने व्यवस्था को आधा-अधूरा लागू किया। उन्होंने अनुदेशक और रोजगार सेवकों की समस्याओं का समाधान करने का भी दावा किया। साथ ही नौकरी के लिए नियमित वैकेंसी कैलेंडर जारी करने की बात कही। किसानों और जमीन के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने कहा कि अलीगढ़-मुरादाबाद एक्सप्रेसवे के लिए जमीन देने वाले किसानों को उनकी जमीन की बाजार कीमत मिलनी चाहिए।
इसके लिए सर्किल रेट बढ़ाने की बात उन्होंने कही। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की जमीन ले रही है, जबकि उद्योगों के लिए दूसरी जमीन का इस्तेमाल किया जा सकता है। अखिलेश यादव ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि उनकी पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी रणनीति बना चुकी है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा बड़े पैमाने पर अपने मौजूदा विधायकों के टिकट काटने की तैयारी कर रही है। ईवीएम को लेकर भी अखिलेश यादव ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए विपक्ष अपनी रणनीति बना चुका है और जनता इस बार बदलाव के लिए तैयार है।