Lucknow Desk : लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यालय के लोहिया सभागार में आयोजित रक्षाबंधन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने उन्हें राखी बांधी। अखिलेश यादव ने महिलाओं को उपहार भी दिए। कार्यक्रम के बाद उन्होंने कई मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा और समाजवादी विचारधारा के आधार पर पार्टी को आगे बढ़ाने की बात कही। जेपीएनआईसी भवन को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि जयप्रकाश नारायण के योगदान को याद रखते हुए इस इमारत को पूरा किया जाना चाहिए था। उनका आरोप है कि निर्माण कार्य के लिए ठेकेदार को पूरा भुगतान किया गया और जिन लोगों को भुगतान किया गया, उनसे यह भी लिखवा लिया गया कि काम पूरा है और वे अदालत नहीं जाएंगे। उन्होंने कहा कि अगर यह भवन जनता के उपयोग के लिए तैयार होता तो इससे लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकती थीं।
अखिलेश यादव ने सरकारी संपत्तियों की बिक्री को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के पैसे से बनी संपत्तियां अपने लोगों को देने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने किसान बाजार, शाने अवध और जनेश्वर मिश्र पार्क से जुड़े मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि जिन स्थानों का उद्देश्य आम लोगों और किसानों को सुविधा देना था, उन्हें बेचा जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि जेपीएनआईसी की इमारत की कीमत करीब 6000 करोड़ रुपये है। साथ ही उन्होंने शाने अवध को 428 करोड़ रुपये में बेचे जाने का आरोप लगाया। अखिलेश यादव ने कहा कि देश में बड़ा इंजन बड़ी चीजें बेच रहा है और उत्तर प्रदेश का छोटा इंजन छोटी चीजें बेच रहा है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर खरीदार मिलते रहें तो सरकार लगातार सरकारी संपत्तियां बेचती रहेगी। अखिलेश यादव ने अधिकारियों पर भी भ्रष्टाचार के आरोप लगाए और कहा कि समय आने पर बड़े भ्रष्टाचार की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि गरीबों की जेब से पैसा निकालकर अमीरों की तिजोरियां भरी जा रही हैं। उनका आरोप था कि विकास के नाम पर बनी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को बर्बाद किया जा रहा है, जबकि विकास का असली उद्देश्य लोगों का जीवन बेहतर बनाना होना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान अखिलेश यादव ने नेपाल में हुई घटना पर दुख जताते हुए कहा कि सरकार को ऐसे हालात के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर हमला बोला और आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में हत्या की घटनाएं बढ़ी हैं तथा लोगों की समस्याएं सुनने वाला कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जनता के हित, विकास और समाजवादी विचारधारा के आधार पर आगे बढ़ती रहेगी।