Lucknow Desk : फर्रुखाबाद में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रभावित लोगों को भरोसा दिलाया कि मुश्किल की इस घड़ी में सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि बाढ़ से प्रभावित 102 गांवों के लोगों की परेशानी को सरकार गंभीरता से देख रही है और जरूरत के मुताबिक हर संभव मदद पहुंचाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा के समय लोगों को अकेला महसूस करने की जरूरत नहीं है। सरकार की प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के साथ-साथ ऐसी व्यवस्था तैयार करना है, जिससे आने वाले समय में बाढ़ की समस्या को कम किया जा सके। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार जनता के साथ खड़ी है और राहत व बचाव के काम में किसी तरह की कमी नहीं होने दी जाएगी।
सीएम योगी ने बताया कि पिछले नौ वर्षों में बाढ़ से बचाव और क्षेत्र के विकास के लिए सैकड़ों करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। हालांकि, उन्होंने माना कि क्षेत्र में बाढ़ की समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है। इसके लिए गंगा नदी की ड्रेजिंग कर उसे व्यवस्थित तरीके से चैनलाइज करने की योजना पर काम करने की बात कही गई। मुख्यमंत्री के मुताबिक, नदी में जमा सिल्ट को हटाकर उसका इस्तेमाल तटबंध बनाने में किया जा सकता है।
इससे नदी का प्रवाह बेहतर होगा और आसपास के गांवों पर बाढ़ का दबाव कम किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से गांवों के साथ-साथ किसानों को भी फायदा मिलेगा और फसलों को बाढ़ से होने वाले नुकसान से बचाया जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने मौके पर पहुंचकर खुद स्थिति को देखा है और गंगा को चैनलाइज करना इस क्षेत्र की जरूरत नजर आती है। सरकार इस दिशा में पूरी परियोजना को आगे बढ़ाने पर गंभीरता से काम करेगी। उन्होंने प्रभावित लोगों को आश्वस्त किया कि राहत कार्यों के साथ दीर्घकालिक समाधान पर भी ध्यान दिया जाएगा, ताकि फर्रुखाबाद के बाढ़ प्रभावित गांवों को हर साल आने वाली परेशानी से राहत मिल सके।