Lucknow Desk : आज बुधवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बहुजन समाज पार्टी की ऑल इंडिया बैठक हुई। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में संगठन से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। आपको बता दे कि सबसे बड़ा फैसला ईशान आनंद को पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक बनाए जाने का रहा। ईशान आनंद, मायावती के छोटे भतीजे हैं और उन्होंने एलएलएम की पढ़ाई पूरी की है। बैठक में आने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर भी पार्टी की रणनीति पर चर्चा हुई। BSP ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में विधानसभा चुनाव अपने दम पर लड़ने की बात कही है। पार्टी की ओर से कहा गया कि चुनाव चाहे त्रिकोणीय हों या चतुष्कोणीय, BSP अपने संगठन को मजबूत करने और मजबूत उम्मीदवारों को मैदान में उतारने की तैयारी करेगी। बैठक में उम्मीदवारों के चयन को लेकर जमीनी स्तर से मिले फीडबैक पर भी चर्चा हुई। साथ ही संगठन में जहां जरूरी हो, वहां बदलाव करने के निर्देश दिए गए।
पार्टी का फोकस बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ाने पर है। मायावती ने बैठक में देश की मौजूदा आर्थिक और सामाजिक स्थिति को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि गरीबी, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों से आम जनता परेशान है। उन्होंने GDP की ग्रोथ का फायदा गरीबों तक पर्याप्त रूप से नहीं पहुंचने का दावा किया। साथ ही GST और UPI की नई व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। मायावती ने BJP पर भी कई आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रति लोगों में निराशा बढ़ी है। उन्होंने अयोध्या में चंदे से जुड़े विवाद, ब्राह्मण समाज की कथित उपेक्षा और युवाओं से जुड़े मुद्दों का जिक्र करते हुए भाजपा की नीतियों पर सवाल उठाए। ये मायावती और BSP के राजनीतिक दावे हैं।
मायावती ने BSP कार्यकर्ताओं से पार्टी को मजबूत करने और बहुजन समाज के हितों के लिए काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने लोगों को वोट का अधिकार दिया और यही अधिकार देश की तस्वीर बदलने की ताकत रखता है। ईशान आनंद ने मायावती का जताया आभार राष्ट्रीय संयोजक बनाए जाने के बाद ईशान आनंद ने मायावती का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह मिली जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाएंगे। उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और BSP संस्थापक कांशीराम को नमन करते हुए कहा कि वह मायावती के बताए रास्ते पर चलते हुए पार्टी के लिए काम करेंगे। ईशान आनंद की नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब BSP में हाल के दिनों में संगठन और मायावती के परिवार से जुड़े कई बदलाव हुए हैं। इससे पहले उनके बड़े भाई आकाश आनंद को पार्टी की सभी जिम्मेदारियों से हटा दिया गया था।