Lucknow Desk : रायबरेली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 24 अगस्त को प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री राना बेनी माधव बक्श सिंह की 222वीं जयंती के अवसर पर रायबरेली पहुंचेंगे। उनके दौरे को लेकर जिला प्रशासन और संबंधित विभाग तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। मुख्यमंत्री इस मौके पर राना बेनी माधव बक्श सिंह सभागार का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा शहर स्थित फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज मैदान में आयोजित बड़ी जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जिले के लिए कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण कर सकते हैं। इन योजनाओं की कुल लागत कई सौ करोड़ रुपये बताई जा रही है। मुख्यमंत्री के दौरे से पहले सूचना विभाग की ओर से राना बेनी माधव बक्श सिंह सभागार परिसर में तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी भी लगाई गई है। जिलाधिकारी सरनीत कौर ने प्रदर्शनी का शुभारंभ किया।
प्रदर्शनी में रायबरेली जिले में पिछले समय में हुए विकास कार्यों के साथ-साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जा रहा है। प्रदर्शनी में लोगों को सरकार की ओर से संचालित योजनाओं और जिले में हुए विकास कार्यों की जानकारी एक ही स्थान पर मिल रही है। शुभारंभ के दौरान समिति के पदाधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा, यातायात और आयोजन स्थल से जुड़ी व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अधिकारियों की ओर से लगातार तैयारियों का जायजा लिया जा रहा है, ताकि 24 अगस्त को होने वाले सभी कार्यक्रम व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराए जा सकें।