Lucknow Desk: लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में धीरेंद्र प्रताप की हत्या के मामले में पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। इस केस में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी जय किशन को STF ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि जय किशन पर हत्या की साजिश में शामिल आरोपियों और शूटरों की मदद करने का आरोप है। जानकारी के मुताबिक, 29 अगस्त को धीरेंद्र प्रताप का अपहरण करने के बाद उसकी हत्या कर दी गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने इस मामले में रवि, ओमकार और पूजा समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
इसके बाद से ही जय किशन फरार चल रहा था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। STF के मुताबिक, जय किशन को सुशांत गोल्फ सिटी के सेक्टर-10 इलाके से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में हत्या से जुड़े कई अहम तथ्यों के सामने आने की बात कही जा रही है। पुलिस ने आरोपी के पास से धीरेंद्र की अंगूठी और कैश बरामद करने का भी दावा किया है।
जांच में यह बात सामने आई है कि धीरेंद्र की हत्या के पीछे प्लॉट और मकान से जुड़ा लालच प्रमुख वजह बताया जा रहा है। हत्या के बाद धीरेंद्र का मोबाइल ट्रेन में फेंक दिया गया था, ताकि पुलिस को जांच के दौरान गुमराह किया जा सके। जय किशन की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब पूरे मामले में उसकी भूमिका और अन्य आरोपियों से उसके संबंधों की पड़ताल कर रही है। STF और स्थानीय पुलिस की जांच जारी है। माना जा रहा है कि जय किशन से पूछताछ के बाद हत्या की साजिश और वारदात से जुड़े कुछ और राज सामने आ सकते हैं।