Lucknow Desk: केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री और भाजपा सांसद कीर्तिवर्धन सिंह गोंडा पहुंचे। जहां उन्होंने अपने पार्टी कार्यालय पर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान आने वाले चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों और रणनीति पर बातचीत की। उस के बाद उन्होंने अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कई राजनीतिक और राष्ट्रीय मुद्दों पर अपनी बात रखी। क्रिकेट में भारत की ओर से पाकिस्तान को हराए जाने पर कीर्तिवर्धन सिंह ने भारतीय टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और निष्ठा के कारण देश को गौरव का यह मौका मिला है।
उनके मुताबिक यह राजनीति का विषय नहीं, बल्कि खेल जगत में भारत की मजबूत स्थिति का प्रतीक है। उत्तर प्रदेश में होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि लोग चाहे जो दावे करें, अब सभी को परिणाम का इंतजार करना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि चुनाव के नतीजे भाजपा के पक्ष में आएंगे। उन्होंने कहा कि कई राज्यों में भाजपा के पक्ष में परिणाम आए हैं और आगे भी जनता का समर्थन पार्टी को मिलता रहेगा। कांग्रेस की ओर से आराधना मिश्रा को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के सवाल पर कीर्तिवर्धन सिंह ने कहा कि चुनाव में किसी तरह का कार्ड काम नहीं करेगा, बल्कि जनता का फैसला महत्वपूर्ण होगा। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा के साथ है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के काम के सामने विपक्ष टिक नहीं पाएगा।
आतंकवाद और सुरक्षा के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। धारा 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर में पत्थरबाजी पर भी काफी हद तक रोक लगी है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ भारत दूसरे देशों के साथ मिलकर काम कर रहा है। उन्होंने एक विमान को हाईजैक होने से रोकने वाले भारतीय पायलट की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि आतंकवाद का खतरा किसी एक देश तक सीमित नहीं है। पूरी दुनिया को इसके खिलाफ सतर्क रहने की जरूरत है। पायलट के साहस और जिम्मेदारी की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि देश की ओर से मिला सम्मान ही उनके लिए बड़ा पुरस्कार है।