Lucknow Desk : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में गोरखनाथ मंदिर परिसर में दो पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें हिम्मत दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने दोनों परिवारों की दिक्कत सुनीं और हर पूरी मदद का भरोसा दिया। मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से दोनों परिवारों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी दी गई। मुख्यमंत्री से मिलने वालों में पिपराइच क्षेत्र की रहने वाली मुन्नी देवी भी शामिल थीं।
मुन्नी देवी के पति की कैंसर के चलते मौत हो गई थी। पति के निधन के बाद परिवार के सामने आर्थिक और दूसरी कई परेशानियां खड़ी हो गई थीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुन्नी देवी से बातचीत कर परिवार का हाल जाना और उन्हें भरोसा दिलाया कि सरकार जरूरत के समय उनके साथ खड़ी है। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने औरंगाबाद ग्राम निवासी आदित्य प्रजापति के परिवार से भी मुलाकात की। आदित्य प्रजापति की सड़क हादसे में मौत हो गई थी।
हादसे के बाद परिवार को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री ने परिजनों से मुलाकात कर घटना पर दुख जताया और परिवार को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को भी पीड़ित परिवारों की जरूरत के अनुसार मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार को परेशानी के समय अकेला महसूस नहीं होना चाहिए और जरूरतमंद लोगों तक सरकारी सहायता पहुंचाना प्राथमिकता है।