Lucknow Desk : लखनऊ में शनिवार को 818 चयनित अभ्यर्थियों के लिए नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन लोकभवन सभागार में होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देकर उन्हें सरकारी सेवा में नई जिम्मेदारी की शुरुआत कराएंगे। इस कार्यक्रम में अलग-अलग सरकारी विभागों में चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। इनमें स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े पद भी शामिल हैं। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में चयनित 357 एक्सरे टेक्नीशियनों को नियुक्ति पत्र मिलेगा।
इन अभ्यर्थियों का चयन संबंधित भर्ती प्रक्रिया के तहत किया गया है। इसके अलावा आयुष विभाग के अलग-अलग पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति दी जाएगी। इनमें होम्योपैथिक, आयुर्वेदिक और यूनानी चिकित्सा से जुड़े पद शामिल हैं। इन विभागों में फार्मासिस्ट के साथ-साथ शिक्षण पदों पर भी अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। व्यावसायिक शिक्षा और कौशल विकास विभाग में भी चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।
अलग-अलग ट्रेड में अनुदेशक के पदों पर चयनित युवाओं को सरकारी सेवा में शामिल किया जाएगा। वहीं उद्योग विभाग में सहायक सांख्यिकीय अधिकारी के पद पर चयनित अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र मिलेगा। सरकार की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में चयनित युवाओं और उनके परिवारों में भी उत्साह है। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद ये सभी अभ्यर्थी अपने-अपने विभागों में कार्यभार संभालेंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चयनित अभ्यर्थियों से संवाद भी कर सकते हैं। सरकार का कहना है कि विभिन्न विभागों में भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित युवाओं को समय पर नियुक्ति देने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।