Lucknow Desk : जिले में वारंटियों के खिलाफ पुलिस ने एक दिवसीय विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के दौरान पुलिस की अलग-अलग टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में दबिश देकर कुल 56 वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और क्षेत्राधिकारियों के पर्यवेक्षण में की गई। विशेष अभियान के तहत तालेबेहट पुलिस ने एक ही दिन में 9 वारंटियों को गिरफ्तार किया। वहीं सदर कोतवाली पुलिस ने 10 वारंटियों को पकड़ा।
इसके अलावा जखलौन थाना पुलिस ने एक वारंटी को गिरफ्तार किया। जखौरा थाना पुलिस ने 5, पाली थाना पुलिस ने 4 और मड़ावरा थाना पुलिस ने 5 वारंटियों को गिरफ्तार किया। मदनपुर थाना पुलिस ने भी कार्रवाई करते हुए 2 वारंटियों को पुलिस हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक, अभियान के दौरान अलग-अलग गांवों और संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। इस दौरान लंबे समय से न्यायालय से जारी वारंटों में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी की गई। जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया था, जिसके बाद एक दिन में 56 वारंटियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली।
पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य न्यायालय से जारी वारंटों का प्रभावी तरीके से तामील कराना और लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों को कानून के दायरे में लाना है। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाकर आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। गिरफ्तारी के बाद सभी 56 आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई और उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वारंटियों और वांछित आरोपियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ न्यायालय से संबंधित मामलों में लंबित वारंटों की तामील को लेकर पुलिस लगातार अभियान चला रही है।