Lucknow Desk : उत्तर प्रदेश सरकार ने सरकारी कर्मचारियों की सेवा पुस्तिका को मानव संपदा पोर्टल पर ऑनलाइन और अपडेट रखने को लेकर विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं। प्रमुख सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक एम. देवराज ने सभी संबंधित विभागों को दिशा-निर्देश भेजकर कर्मचारियों के सेवा विवरण को पोर्टल पर समय से पूरा करने को कहा है। सरकार की ओर से पहले ही यह व्यवस्था लागू की जा चुकी है कि राज्य कर्मचारियों की नियुक्ति, कार्यभार ग्रहण, कार्यमुक्ति, अवकाश, वेतन आहरण और सेवा प्रबंधन से जुड़े अधिकतर काम मानव संपदा पोर्टल के माध्यम से किए जाएं।
इसके बावजूद कई मामलों में कर्मचारियों की सेवा से जुड़ी जानकारी पोर्टल पर समय से दर्ज या अपडेट नहीं की जा रही है। शासन के संज्ञान में यह भी आया है कि पोर्टल पर उपलब्ध अलग-अलग मॉड्यूल के इस्तेमाल में विभागीय कार्मिकों को परेशानी हो रही है। ऐसे में अब विभागों को निर्देश दिया गया है कि वे सेवा संबंधी रिकॉर्ड को नियमित रूप से अपडेट रखें और पोर्टल के विभिन्न मॉड्यूल का सही तरीके से उपयोग सुनिश्चित करें। मानव संपदा पोर्टल का उद्देश्य सरकारी कर्मचारियों की सेवा से जुड़े रिकॉर्ड को डिजिटल और व्यवस्थित बनाना है।
इससे नियुक्ति से लेकर अवकाश, वेतन और अन्य सेवा संबंधी जानकारी एक ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध रहती है। सरकार की कोशिश है कि कागजी प्रक्रिया कम हो और कर्मचारियों से जुड़े मामलों का निपटारा अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक तरीके से किया जा सके। नए निर्देशों के बाद विभागों पर कर्मचारियों की सेवा पुस्तिका और अन्य जरूरी विवरण समय से अपडेट करने की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि पोर्टल पर दर्ज जानकारी सही, पूरी और नवीनतम हो।