Lucknow Desk : बहुजन समाज पार्टी (BSP) अध्यक्ष मायावती ने सोमवार को लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों के जिलाध्यक्षों और वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक की। 12 माल एवेन्यू स्थित BSP कार्यालय में हुई इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठन की स्थिति और जमीनी रणनीति की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में उम्मीदवारों के चयन के साथ-साथ पोलिंग बूथ स्तर तक पार्टी की कमेटियों के पुनर्गठन पर भी चर्चा हुई। मायावती ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने तथा चुनाव की तैयारियों में पूरी सक्रियता के साथ जुटने को कहा। मायावती ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान विरोधी दल साम, दाम, दंड और भेद जैसे हथकंडों का इस्तेमाल कर सकते हैं।
उन्होंने BSP कार्यकर्ताओं से ऐसे प्रयासों का मजबूती और सतर्कता के साथ सामना करने की अपील की। उन्होंने उत्तर प्रदेश में एक बार फिर ‘सर्वजन हिताय-सर्वजन सुखाय’ की सरकार बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत से काम करने का आह्वान किया। BSP सुप्रीमो ने विरोधी पार्टियों की ‘रेवड़ी’ वाली राजनीति को लेकर भी जनता को सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि चुनावी फायदे के लिए कई तरह के आकर्षक वादे किए जाते हैं, लेकिन सत्ता में आने के बाद अक्सर जनता से किए गए वादे पूरे नहीं होते। मायावती ने यह भी कहा कि नई पीढ़ी, खासकर जेन-जी और जेन-अल्फा, विरोधी पार्टियों के रवैये से नाराज है।
बैठक में पार्टी के संस्थापक कांशीराम की पुण्यतिथि को लेकर भी जानकारी दी गई। इस बार 9 अक्टूबर को पुण्यतिथि का मुख्य कार्यक्रम केवल लखनऊ में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम मान्यवर कांशीराम स्मारक स्थल पर होगा। इसके अलावा मायावती ने नेपाल में आई बाढ़ से हुए जान-माल के नुकसान पर दुख जताया। उन्होंने उत्तर प्रदेश में भी बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए आगे आने की अपील की।