Lucknow Desk : उत्तर प्रदेश की सियासत में पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल की राजनीतिक एंट्री अब लगभग साफ हो गई है। दिव्या मित्तल ने अपनी नई राजनीतिक पार्टी बनाने का ऐलान कर दिया है। उनकी पार्टी का नाम ‘जन नीति भारत पार्टी’ बताया जा रहा है। इसका ऐलान उन्होंने ने एक वीडियो जारी का किया है। इसके साथ ही उनके आगामी विधानसभा चुनाव में मिर्जापुर सदर सीट से चुनाव लड़ने की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। हालांकि, मिर्जापुर सदर से चुनाव लड़ने को लेकर अभी औपचारिक घोषणा का इंतजार है। दिव्या मित्तल ने अगस्त 2026 में भारतीय प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा दिया था। प्रशासनिक सेवा से अलग होने के कुछ दिनों बाद उन्होंने वीडियो जारी कर राजनीति में कदम रखने की घोषणा की थी।
उस समय उन्होंने कहा था कि वह जनसेवा के लिए राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय होना चाहती हैं। उनके इस ऐलान के बाद से ही उनके अगले राजनीतिक कदम और संभावित चुनावी क्षेत्र को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं। अब ‘जन नीति भारत पार्टी’ के गठन की घोषणा के बाद उनकी राजनीतिक दिशा स्पष्ट होती नजर आ रही है। पार्टी के जरिए वह प्रदेश की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश कर सकती हैं। हालांकि, पार्टी के गठन, संगठनात्मक ढांचे, चुनाव चिह्न और आगामी विधानसभा चुनाव में उम्मीदवारों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना अभी बाकी है। आपको बताते चलें कि राजनीति में आने का ऐलान करने के बाद दिव्या मित्तल बीते 11 अक्टूबर को पहली बार मिर्जापुर पहुंची थीं। इस दौरान समर्थकों और स्थानीय लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया था। ग्रामीणों ने ‘दिव्या मित्तल जिंदाबाद’ और ‘दिव्या दीदी जिंदाबाद’ के नारे लगाए। उनके दौरे के दौरान स्थानीय स्तर पर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला था।
दिव्या मित्तल का मिर्जापुर से जुड़ाव और वहां सक्रियता अब राजनीतिक नजरिए से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। माना जा रहा है कि वह मिर्जापुर सदर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकती हैं। हालांकि, उनके दौरे के दौरान चुनाव लड़ने को लेकर कोई औपचारिक घोषणा हुई थी या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। दिव्या मित्तल उत्तर प्रदेश के कई जिलों में जिलाधिकारी के रूप में सेवाएं दे चुकी हैं। प्रशासनिक कार्यशैली और जनसरोकारों को लेकर वह पहले भी चर्चा में रही हैं। अब प्रशासनिक सेवा छोड़कर राजनीति में आने और अपनी पार्टी बनाने के फैसले ने प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी है। यदि दिव्या मित्तल मिर्जापुर सदर से चुनाव लड़ने का औपचारिक ऐलान करती हैं, तो यह सीट आगामी विधानसभा चुनाव में काफी महत्वपूर्ण हो सकती है। फिलहाल, उनके समर्थकों के साथ-साथ राजनीतिक दलों की नजर भी उनकी अगली घोषणा पर टिकी है।