Lucknow Desk: पूज्य नींब करौरी बाबा के जीवन और उनके आध्यात्मिक प्रभाव पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ इन दिनों चर्चा में है। फिल्म की सफलता के बाद इसकी पूरी टीम ने लखनऊ स्थित जनसत्ता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजा भैया के आवास ‘रामायण’ पहुंचकर उनसे शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात की जानकारी राजा भैया ने सोशल मीडिया पर साझा की। उन्होंने फिल्म की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि पूज्य नींब करौरी बाबा पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ की अद्भुत सफलता से फिल्म जगत भी स्तब्ध है। उन्होंने कहा कि आस्थावानों का मानना है कि यह सफलता श्री हनुमान जी की कृपा से संभव हुई है।
राजा भैया ने फिल्म की पूरी टीम के उनके आवास पर पहुंचने को भी खुशी और उत्साह का विषय बताया। उन्होंने कहा कि आज फिल्म से जुड़े पात्रों और टीम का ‘रामायण’ में पधारना उनके लिए हर्ष और उल्लास की बात है।
उन्होंने लोगों से फिल्म को सिनेमाघरों में जाकर देखने की अपील भी की। राजा भैया ने कहा कि दर्शकों के हॉल में जाकर फिल्म देखने से इसके पात्रों और निर्माता का उत्साहवर्धन होगा। उन्होंने लोगों से फिल्म को अपना समर्थन देने की बात कही।
फिल्म ‘हनुमान अंश’ को लेकर धार्मिक आस्था रखने वाले लोगों में भी रुचि देखने को मिल रही है। नींब करौरी बाबा से जुड़ी कथाओं और उनके आध्यात्मिक जीवन को पर्दे पर प्रस्तुत करने वाली इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच चर्चा बनी हुई है।
राजा भैया ने अपनी पोस्ट के अंत में ‘जय जय सियाराम’ लिखकर फिल्म की पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।