Lucknow Desk : रायबरेली में वीर सेनानायक राना बेनी माधव बख्श सिंह की जयंती के अवसर पर आयोजित भाव समर्पण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके शौर्य और योगदान को याद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जो समाज अपने पूर्वजों को भूल जाता है, उसका कोई मजबूत भविष्य नहीं हो सकता। उन्होंने भारतीय परंपरा, संस्कृति और मूल्यों को लेकर भी अपनी बात रखी। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता और रायबरेली सांसद राहुल गांधी के एक बयान का जिक्र करते हुए उन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने महाराष्ट्र में महिलाओं से मनुस्मृति के बंधन को तोड़कर बाहर आने की बात कही थी।
योगी ने कहा कि राहुल गांधी से देश को बहुत ज्यादा अपेक्षाएं नहीं हैं, लेकिन नेता प्रतिपक्ष होने के नाते वे संसद और देश के प्रति जवाबदेह हैं। सीएम योगी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी भारत की परंपरा और विरासत पर लगातार सवाल उठाते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश से बाहर जाने पर यूपी को बदनाम करने और विदेशों में भारत की छवि पर सवाल उठाने की कोशिश की जाती है। उन्होंने सेना और आतंकवाद के मुद्दे पर भी कांग्रेस की भूमिका पर सवाल खड़े किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भारतीय सेना सीमा पर देश की सुरक्षा के लिए संघर्ष करती है, तब सेना से प्रमाण मांगना उचित नहीं है। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ देश की लड़ाई में कांग्रेस के रवैये पर भी निशाना साधा।
अयोध्या और भगवान राम के अस्तित्व को लेकर उठाए गए पुराने सवालों का जिक्र करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर हमला जारी रखा। उन्होंने 1975 में लगाए गए आपातकाल को याद करते हुए कहा कि देश लोकतंत्र के प्रति कांग्रेस की निष्ठा को पहले भी देख चुका है। मनुस्मृति को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके बारे में जानकारी प्राप्त करने के लिए भारतीय ग्रंथों का अध्ययन करना चाहिए। उन्होंने अथर्ववेद और मत्स्य पुराण का उल्लेख करते हुए कहा कि इन ग्रंथों को पढ़ने से मनु और भारतीय परंपरा को समझने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान राना बेनी माधव बख्श सिंह के योगदान को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपने इतिहास और महान पूर्वजों के संघर्ष को जानने और उनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया।