Lucknow Desk : मुजफ्फरनगर कलेक्ट्रेट परिसर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी उमेश कुमार मिश्रा ने ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ और पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल नजर आया। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिजनों को उपहार भेंट कर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को याद करने का दिन भी है। उन्होंने कहा कि हम सभी को संकल्प लेना चाहिए कि गरीब, जरूरतमंद और पीड़ित व्यक्ति को न्याय दिलाना हमारा कर्तव्य है। डीएम ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि कलेक्ट्रेट में अपनी फरियाद लेकर आने वाले किसी भी व्यक्ति की समस्या को गंभीरता से सुना जाए और उसका यथासंभव तत्काल समाधान कराया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी पीड़ित को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से देश की उन्नति और विकास में अपनी भूमिका ईमानदारी से निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने कर्तव्यों का निष्ठा और ईमानदारी से पालन करे, तो देश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में सभी ने राष्ट्रहित में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।