Lucknow Desk : स्वतंत्रता दिवस को लेकर पूरे प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। पुलिस अधिकारियों की ओर से सभी जिलों में अलर्ट रहने और प्रमुख मार्गों, बॉर्डर एरिया व संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही वाहनों की चेकिंग और संदिग्ध लोगों पर नजर रखने को भी कहा गया है। लेकिन राजधानी लखनऊ के एक अहम बॉर्डर प्वाइंट पर इन तैयारियों की जमीनी स्थिति कुछ अलग नजर आई। लखनऊ-रायबरेली सीमा से लगे दखिना टोल प्लाजा की तस्वीरें सामने आई हैं।
स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले इस मार्ग पर सुरक्षा के लिहाज से पुलिस की मौजूदगी और वाहनों की जांच बेहद जरूरी मानी जा रही है। इसके बावजूद मौके पर पुलिस फोर्स की तैनाती दिखाई नहीं दी। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। दखिना टोल प्लाजा लखनऊ और रायबरेली को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण मार्ग पर स्थित है। इस रास्ते से रोजाना बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं। खासकर स्वतंत्रता दिवस जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पर्व से पहले बॉर्डर एरिया में निगरानी और चेकिंग बढ़ाने की जरूरत होती है।
बताया जा रहा है कि इस क्षेत्र में निगोहां और बछरावां थाने की पुलिस चौकियां भी मौजूद हैं। इसके बावजूद टोल प्लाजा के आसपास पुलिसकर्मियों की मौजूदगी नजर नहीं आई। इससे यह सवाल खड़ा हो रहा है कि आखिर सुरक्षा को लेकर जारी किए गए निर्देशों का पालन मौके पर किस तरह किया जा रहा है। स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए पुलिस विभाग की ओर से प्रदेशभर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरतने की बात कही गई है। प्रमुख प्रवेश मार्गों पर वाहनों की चेकिंग, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर और पुलिस की तैनाती को लेकर अधिकारियों ने निर्देश दिए हैं।