यूपी चुनाव 2027 : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने भाजपा को एक बार फिर संकट की स्थित में डाल दिया है। दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात कर ओपी राजभर ने सुभासपा के 33 सीटों पर दावेदारी की है। जिससे बीजेपी के सामने सीटों के बंटवारे को लेकर सियासी संकट आ गया है।
बता दें कि सुभासपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव डॉ. अरविंद राजभर ने दिल्ली में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की। सुभासपा ने मंत्री अनिल राजभर की सीट सहित 33 विधानसभा सीटों पर दावेदारी की सूची भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन को सौंप दी है।
बीजेपी के कब्जे वाली 9 सीटों पर भी दावा
यहीं नहीं, ओम प्रकाश राजभर ने जिन 33 विधानसभा सीटों पर दावेदारी मांगी है, उनमें वो 9 सीटें भी शामिल हैं, जो बीजेपी के कब्जे में हैं। राजभर ने भाजपा की वाराणसी की शिवपुर विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ने का एलान किया है। ये वही शिवपुर सीट है, जहां से भाजपा के मंत्री अनिल राजभर विधायक हैं। ऐसे में भाजपा सुभासपा को शिवपुर सीट देने के लिए कभी भी राजी नहीं होगी।
सुभासपा ने पूर्वांचल की सीटों पर ठोंका दावा
सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने जिन विधानसभा
सीटों पर दावेदारी की सूची भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष को सौंपी है, उनमें खासतौर पर
पूर्वांचल क्षेत्र की विधानसभा सीटें शामिल हैं। इनमें गाजीपुर की जहूराबाद और
जखनिया, जौनपुर की जफराबाद और केराकत, वाराणसी की अजगरा और शिवपुर, मऊ सदर और घोसी जैसी सीटें शामिल हैं। इसके अलावा आजमगढ़
की अतरौलिया, दीदारगंज और
मेहनगर, बलिया की बेल्थरा रोड, रसड़ा और सिकंदरपुर सीटों पर भी पार्टी ने दावा किया है।
सुभासपा की सूची में अन्य जिलों की सीटें भी शामिल
सुभासपा की सूची में अंबेडकरनगर की अकबरपुर, सुल्तानपुर की इसौली, बस्ती की महादेवा और रुधौली, कुशीनगर की रामकोला और खड्डा, देवरिया की रामपुर कारखाना और बाराबंकी की रामनगर सीट भी शामिल हैं। इसके अलावा हरदोई की संडीला, बलरामपुर की उतरौला, बहराइच की बलहा, सिद्धार्थनगर की डुमरियागंज और इटवा, मीरजापुर की मझवां, सीतापुर की महोली और मुरादाबाद ग्रामीण सीट पर भी सुभासपा ने दावेदारी की है। अब देखना होगा कि बीजेपी सीट बंटवारे को लेकर सुभासपा की इस मांग पर क्या रुख अपनाती है।