Lucknow Desk : उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जल्द ही नई यूथ पॉलिसी लेकर आएगी। इस नीति के जरिए युवाओं के स्किल, इनोवेशन और रोजगार से जुड़े अवसरों को एक साथ जोड़ते हुए उन्हें आगे बढ़ाने पर काम किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का युवा बदलती तकनीक के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहा है। इसे देखते हुए उत्तर प्रदेश में युवाओं के लिए नए और आधुनिक क्षेत्रों में अवसर तैयार किए जा रहे हैं। प्रदेश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मशीन लर्निंग, सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर, रोबोटिक्स, साइबर और एग्रीटेक जैसे क्षेत्रों में तेजी से काम हो रहा है।
इन क्षेत्रों में निवेश बढ़ने से रोजगार के नए रास्ते भी खुल रहे हैं। सीएम योगी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल युवाओं को नौकरी दिलाना नहीं, बल्कि उन्हें रोजगार देने वाला बनाने पर भी है। इसी दिशा में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार के लिए ब्याज और गारंटी मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे युवा अपना कारोबार शुरू कर सकें और आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का युवा अब रोजगार के लिए दूसरे राज्यों की ओर पलायन करने की समस्या से काफी हद तक मुक्त हो चुका है। प्रदेश में ही शिक्षा, कौशल विकास, उद्योग और रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि प्रदेश के हर युवा के हाथ में स्किल, इनोवेशन और रोजगार हो।
इसी सोच को आगे बढ़ाने के लिए नई यूथ पॉलिसी तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह नीति युवाओं की जरूरतों और उनकी क्षमता को ध्यान में रखते हुए तैयार होगी। इसके जरिए स्किल डेवलपमेंट, नए आइडिया, स्टार्टअप, रोजगार और उद्यमिता को एक साथ बढ़ावा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने नई नीति की घोषणा करते हुए कहा कि यूथ पॉलिसी के माध्यम से राज्य के युवाओं को एक इंटीग्रेटेड अप्रोच के साथ आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। सरकार का प्रयास है कि युवा अपनी प्रतिभा के अनुसार सही अवसर हासिल कर सकें और उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाएं। नई यूथ पॉलिसी से खासतौर पर जेन जी और जेन अल्फा के युवाओं के लिए तकनीक और नए रोजगार क्षेत्रों में बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद है।