Lucknow Desk : मोहनलालगंज थाना पुलिस ने केबल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से काले रंग की केबल के दो बंडल और एक ऑटो बरामद किया है। दरअसल, 10 सितंबर को रायबरेली-लखनऊ मार्ग पर हरि रेस्टोरेंट के पास से करीब 50.60 मीटर अंडरग्राउंड केबल चोरी होने की शिकायत पुलिस को मिली थी। शिकायत के आधार पर मोहनलालगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के लिए गठित टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकेश, अंकित वर्मा और गौरव श्रीवास्तव के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि तीनों आपस में दोस्त हैं और नशे के आदी हैं। नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी करते थे। पुलिस के अनुसार, चोरी का सामान अंकित के ऑटो में रखकर ले जाते और बेचने के बाद मिले पैसे आपस में बांट लेते थे।
आरोपियों ने 8 और 9 सितंबर की रात हरि रेस्टोरेंट के पास से अंडरग्राउंड केबल काटकर चोरी करने और उसे झाड़ियों में छिपाने की बात कबूल की है। पुलिस के मुताबिक, चोरी की केबल बेचने के लिए ले जाने के दौरान तीनों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में मुकेश के खिलाफ पहले से तीन मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।