Lucknow Desk : मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा क्षेत्र में संदिग्ध शराब पीने से हुई मौतों के बाद उत्तर प्रदेश में भी प्रशासन ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में ललितपुर जिले में पुलिस, प्रशासन और आबकारी विभाग की संयुक्त टीमों ने कई स्थानों पर छापेमारी और दुकानों की जांच की। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देश और जिलाधिकारी ललितपुर के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष परिवर्तन अभियान के तहत सदर और महरौनी तहसील क्षेत्र में संदिग्ध ठिकानों की जांच की गई। टीम ने अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए कई जगहों पर औचक दबिश दी।
अभियान के दौरान केलगुवा तिराहे के पास बिजली पावरहाउस के नजदीक दो महिलाओं को अवैध कच्ची शराब के साथ पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिलाओं की पहचान विनती कबूतरा पत्नी कन्हैया कबूतरा और वैष्णवी पत्नी कपिल कबूतरा, दोनों निवासी मोमाफी, ललितपुर के रूप में हुई है। दोनों के कब्जे से करीब 30 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। इसके अलावा संयुक्त टीम ने तहसील क्षेत्र में संचालित कंपोजिट शॉप और देसी शराब की दुकानों का भी अचानक निरीक्षण किया।
दुकानों में मौजूद शराब के स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया गया। अधिकारियों के मुताबिक जांच के दौरान किसी दुकान पर अनियमितता या शराब में मिलावट की बात सामने नहीं आई। अभियान के दौरान एसडीएम महरौनी, सीओ महरौनी, आबकारी निरीक्षक अन्विता तिवारी, आबकारी निरीक्षक बिपिन कुमार यादव, प्रशांत मित्तल और प्रशांत कुमार सहित पुलिस और आबकारी विभाग का स्टाफ मौजूद रहा। अधिकारियों ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात कही है।