Lucknow Desk : जिले के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह एक दिवसीय दौरे पर फर्रुखाबाद पहुंचे। उन्होंने जिले में चल रहे बाढ़ राहत और बचाव कार्यों की जानकारी ली और प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने अमृतपुर क्षेत्र में बाढ़ पीड़ित परिवारों को राहत सामग्री भी वितरित की। अमृतपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 100 प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री की किट दी गई। इसके अलावा सर्पदंश से प्रभावित एक लाभार्थी को राहत अनुदान का चेक भी प्रदान किया गया। प्रभारी मंत्री ने कहा कि बाढ़ से प्रभावित परिवारों को हर जरूरी मदद पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। प्रभारी मंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव का काम लगातार जारी रखा जाए। प्रभावित लोगों को भोजन, पीने का पानी, स्वास्थ्य सुविधाएं और अन्य जरूरी सामान समय पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जरूरतमंद लोगों तक सरकारी सहायता पहुंचाने में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। जिले में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। डीएम डॉ. अंकुर लाठर के नेतृत्व में अधिकारी प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और जरूरत के अनुसार राहत कार्य संचालित किए जा रहे हैं।
जिला जेल का भी किया निरीक्षण अपने दौरे के दौरान प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने जिला जेल का निरीक्षण भी किया। उन्होंने जेल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली। इसके बाद प्रभारी मंत्री ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले में चल रहे विकास कार्यों, बाढ़ राहत व्यवस्था और प्रशासनिक कामकाज की समीक्षा की गई। इस दौरान विधायकगण, सांसद, जिला पंचायत अध्यक्ष समेत भाजपा के जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम लोगों से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए और बाढ़ राहत कार्यों में लगातार सक्रियता बनाए रखी जाए।