UP MLC Election 2026 : उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लिए 11 सीटों पर मतदान सुबह 8 बजे से मतदान जारी है। इनमें पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटें शामिल हैं। 72 जिलों में 2,697 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। कुल 14.81 लाख मतदाता पंजीकृत हैं और 152 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। मतदान शाम 4 बजे तक चलेगा।
अखिलेश यादव ने भाजपा पर लगाए बूथ लूटने के आरोप
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने फतेहपुर में मतदान केंद्रों पर कथित धांधली को लेकर भाजपा और चुनाव आयोग पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सदस्य और उनके साथी मतदान केंद्रों को लूटने आए हैं। अखिलेश ने कहा कि सपा पूरे प्रदेश में ऐसे वीडियो रिकॉर्ड कर रही है और चुनावी प्रक्रिया में धांधली करने वाले अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यह बेहद निंदनीय है।
मुजफ्फरनगर में फर्जी मतदान का आरोप
मुजफ्फरनगर में सपा ने आरोप लगाया कि भाजपा के एक मंत्री फर्जी मतदान करा रहे हैं और नियमों के विपरीत मुख्य चुनाव एजेंट होने का दावा कर रहे हैं। पार्टी ने स्थानीय प्रशासन पर निष्पक्ष कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग से मामले की तत्काल जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
आगरा के फतेहाबाद में हंगामा
फतेहाबाद में शुक्रवार दोपहर मतदान केंद्र पर भाजपा और सपा कार्यकर्ताओं के बीच हंगामा हुआ। आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ता बूथ के अंदर पहुंच गए थे। सपा पक्ष ने दावा किया कि बूथ के अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकालने के बाद बैलेट पेपर पर भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में निशान लगाए गए। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
मतदाता सूची में सांसद अनुराग शर्मा का नाम नहीं
झांसी-इलाहाबाद विधान परिषद खंड स्नातक चुनाव की मतदाता सूची में भाजपा सांसद अनुराग शर्मा का नाम नहीं मिला। शुक्रवार सुबह वह नेशनल हाफिज सिद्दीकी इंटर कॉलेज स्थित मतदान केंद्र पहुंचे, लेकिन सूची में नाम न होने के कारण वह मतदान नहीं कर सके।
बता दें कि एमएलसी चुनाव के लिए मतदान अवधि तक शराब की दुकानें बंद रहेंगी। मतदाता सूची में शामिल कर्मचारियों और शिक्षकों को वोट डालने के लिए शुक्रवार को विशेष आकस्मिक अवकाश दिया गया है।