Lucknow Desk : उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में कक्षा एक की छात्रा रागिनी का जिलाधिकारी से किया गया मार्मिक अनुरोध सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। रागिनी ने जिलाधिकारी से गुहार लगाते हुए कहा है, "डीएम अंकल, मेरा एक पैर खराब हो चुका है, हमें साइकिल दिलवा दीजिए, हम रोज पढ़ने आएंगे।" यह वीडियो मनियर शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय दिघेडा का है। यहां कक्षा एक में पढ़ने वाली छात्रा रागिनी का बचपन में ही एक सड़क दुर्घटना में पैर क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे वह पूरी तरह दिव्यांग हो चुकी है। इसके बावजूद उसमें पढ़ने का जुनून है और IAS बनना चाहती है लेकिन वह एक ही पैर से थक हारकर विद्यालय जाती है। अब उसे साइकिल या ट्राईसाइकिल की आवश्यकता है, जिसके लिए उसने जिलाधिकारी से यह मार्मिक अपील की है। रागिनी छात्रा ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि उसे स्कूल जाने में बहुत कठिनाई होती है और एक साइकिल मिलने से उसकी पढ़ाई जारी रखने में मदद मिलेगी। स्कूल एक पैर पर जाते समय तक जाती हूं। माता और पिताजी के पास पैसा नहीं है
जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने इस मामले पर तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने बताया कि दिधेडा प्राथमिक विद्यालय की छात्रा से सूचना प्राप्त होने पर तत्काल दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी और एक चिकित्सक को मौके पर भेजा गया। जिलाधिकारी ने कहा, "जो जानकारी प्राप्त हुई थी, उसके अनुसार वह इस स्थिति में नहीं है कि वह पैदल चल सके। मैंने अधिकारियों को टीम इसलिए भेजा है कि उसका उचित परीक्षण कर करके जो भी उपकरण देने की स्थिति में है, वह दे सके। डॉक्टर की रिपोर्ट जैसे ही आ जाती है, उसको तत्काल आज ही उपकरण दिया जाएगा।" मंगला प्रसाद सिंह, डीएम ने आगे बताया कि न केवल शैक्षिक कार्य पूरा करने में मदद की जाएगी, बल्कि उसके घर में शौचालय सहित अन्य लाभकारी योजनाओं से भी उसे जोड़ने का काम किया जाएगा। जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि रागिनी को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी ताकि वह अपनी पढ़ाई जारी रख सके और एक सामान्य जीवन जी सके।