Lucknow Desk : थाना रसूलपुर क्षेत्र के शांतिनगर आशाबाद में रविवार दोपहर अचानक हाईटेंशन लाइन में खराबी आने से बड़ा हादसा हो गया। हाईटेंशन लाइन का तार घरेलू बिजली लाइन के संपर्क में आने के बाद तेज धमाका हुआ। इसके बाद आसपास के करीब 50 घरों में अचानक तेज करंट दौड़ गया। इस दौरान कई घरों के मीटर और बिजली के उपकरण जल गए। एक मकान में आग भी लग गई। हादसे में एक ही परिवार के चार बच्चे करंट की चपेट में आकर झुलस गए।
घटना दोपहर करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। कुछ ही देर में घरों में बिजली के उपकरण जलने लगे। नारायण सिंह के घर के मीटर में भी आग लग गई। देखते ही देखते घर में अफरा-तफरी मच गई।
बताया गया कि हादसे के समय नारायण सिंह के परिवार के चार बच्चे छत पर मौजूद थे। इसी दौरान वे करंट की चपेट में आ गए। हादसे में संजना (17), नीतू (13), राजन (7) और ऋषभ (8) झुलस गए। बच्चों के झुलसने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। परिजन और स्थानीय लोगों ने चारों बच्चों को इलाज के लिए सरकारी ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
हादसे के कारण मोहल्ले के कई घरों में बिजली के उपकरण भी खराब हो गए। लोगों के मुताबिक टीवी, पंखे और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक सामान तेज वोल्टेज के कारण फुंक गए। वहीं, महेश के मकान का लिंटर भी चटक गया। उसके घर का बिजली मीटर भी जल गया।
घटना के बाद पूरे शांतिनगर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में कई मकानों के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। लोगों के अनुसार टावर वाली करीब 2.20 लाख वोल्ट की लाइन भी मकानों के ऊपर से निकली हुई है। इसी वजह से लोगों में पहले से भी चिंता बनी हुई है।
हादसे की सूचना मिलने के बाद बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अधिकारियों ने घटना के कारणों की जानकारी जुटाई। सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि बिजली विभाग से हादसे की वजह की जानकारी मांगी गई है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
हादसे के बाद शांतिनगर के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने हाईटेंशन लाइन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।