Lucknow Desk: महेवाघाट थाना क्षेत्र के भटपुरवा गांव में शनिवार को यमुना नदी में डूबने से तीन बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। घटना की खबर जैसे ही बच्चों के परिवारों तक पहुंची, घरों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि तीनों बच्चे किसी तरह यमुना नदी में पहुंचे थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
आसपास मौजूद लोगों ने बच्चों को बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण उन्हें तत्काल बाहर नहीं निकाला जा सका। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही महेवाघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चों की तलाश शुरू कराई। गोताखोरों को भी नदी में उतारा गया। काफी देर तक चले तलाशी अभियान के बाद गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत कर तीनों बच्चों के शव नदी से बरामद कर लिए। शव मिलने के बाद मौके पर मौजूद परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
ग्रामीण भी इस हादसे से गमगीन नजर आए। इतनी कम उम्र में तीन बच्चों की मौत से पूरे गांव में मातम का माहौल है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस की ओर से हादसे की जांच की जा रही है। घटना के बाद परिवारों के साथ-साथ ग्रामीणों में भी गहरा दुख है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नदी के आसपास सुरक्षा के इंतजाम बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।