बताया जा रहा है कि आवास के रूम नंबर 9 में खाना बनाते समय अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। धुआं और आग की लपटें काफी दूर से दिखाई देने लगीं। आग से घबराकर मजदूर जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
सहरसा, बिहार निवासी 30 वर्षीय निर्मल ने आग के डर से दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे कृष्णानगर क्षेत्र के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, प्रतापगढ़ निवासी राहुल भागते समय पैर में कील लगने से घायल हो गया।
नादरगंज फायर स्टेशन के अधिकारी सुमित प्रताप सिंह के मुताबिक, सूचना मिलते ही फायर टीम मौके पर पहुंची। भीषण आग को देखते हुए नादरगंज, हजरतगंज, पीजीआई, आलमबाग और एयरपोर्ट फायर स्टेशन से कुल 10 गाड़ियां लगाई गईं। करीब 40 से 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।