Lucknow Desk : लखनऊ विश्वविद्यालय में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब बीएड विभाग की लिफ्ट में एक छात्रा फंस गई। बताया जा रहा है कि छात्रा करीब 30 मिनट से लिफ्ट के अंदर फंसी हुई है और बाहर निकलने के लिए मदद का इंतजार कर रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद भी काफी देर तक छात्रा को मदद नहीं मिल सकी। मिली जानकारी के अनुसार, छात्रा बीएड विभाग की लिफ्ट में थी। अचानक लिफ्ट के रुक जाने से वह उसके अंदर फंस गई।
छात्रा के फंसने की सूचना मिलने के बाद उसे बाहर निकालने के प्रयास शुरू किए गए, लेकिन करीब आधे घंटे तक कोई टेक्नीशियन मौके पर नहीं पहुंच सका। घटना को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में मौजूद छात्रों और कर्मचारियों में भी चिंता का माहौल है। सबसे बड़ी बात यह सामने आ रही है कि काफी समय बीत जाने के बावजूद छात्रा को निकालने के लिए तकनीकी मदद नहीं पहुंची। मौके पर विश्वविद्यालय प्रशासन के किसी अधिकारी के पहुंचने की भी जानकारी नहीं है। लिफ्ट में लंबे समय तक फंसी छात्रा की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
छात्रा लगातार मदद का इंतजार कर रही है। घटना के बाद विश्वविद्यालय में लिफ्टों की सुरक्षा और उनके रखरखाव को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। फिलहाल छात्रा को लिफ्ट से सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास जारी बताए जा रहे हैं। हालांकि, आधे घंटे से अधिक समय तक छात्रा के लिफ्ट में फंसे रहने और समय पर तकनीकी सहायता नहीं मिलने से विश्वविद्यालय की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए हैं। अब देखना होगा कि छात्रा को कितनी जल्दी सुरक्षित बाहर निकाला जाता है और इस मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं।