Lucknow Desk : सुल्तानपुर के हलियापुर थाना क्षेत्र में रविवार को एक 19 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक का शव रामपुर बबुआन गांव के जंगल में एक पेड़ से लटका मिला। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक, दयानगर मजरा रामपुर बबुआन निवासी श्याम कुमार मजदूरी करता था। रविवार को उसका शव गांव के जंगल में एक पेड़ से साड़ी के फंदे के सहारे लटका मिला। घटना की जानकारी मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के बड़े भाई शेषराम रैदास ने पुलिस को तहरीर देकर घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल युवक के इस कदम के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की पड़ताल कर रही है। मजदूरी करता था श्याम बताया गया कि श्याम कुमार ने कक्षा पांच तक पढ़ाई की थी और इसके बाद वह मजदूरी करने लगा था। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाई शेषराम रैदास की उम्र करीब 29 वर्ष है, जबकि दूसरा भाई प्रेम कुमार रैदास करीब 20 साल का है और चेन्नई में मजदूरी करता है। श्याम के पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी। परिवार में दो बहनें भी हैं, जिनके नाम राधा और क्रांति बताए गए हैं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद चेन्नई में रह रहा प्रेम कुमार घर के लिए रवाना हो गया है। परिजनों के मुताबिक, उसके देर रात तक गांव पहुंचने की उम्मीद है। गांव में भी किसी को नहीं पता वजह ग्रामीणों के अनुसार, श्याम का स्वभाव सरल था और वह सामान्य रूप से रहता था। उसकी आत्महत्या के पीछे क्या वजह रही, इसकी जानकारी परिवार और गांव के लोगों को भी नहीं है। पुलिस अब घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पारिवारिक जानकारी के मुताबिक, बड़े भाई शेषराम की पत्नी रामावती और उनके तीन बच्चे हैं। वहीं प्रेम कुमार की पत्नी अनीता और उनकी दो छोटी बेटियां हैं। परिवार के अधिकांश सदस्य मजदूरी कर अपना जीवन यापन करते हैं।