Lucknow Desk : दो दिन से लगातार हो रही बारिश से आम जनजीवन अस्त-वस्त हो गया है। जिसके चलते उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बारिश से प्रभावित लोगों को तुरंत राहत पहुंचाने के आदेश दिए हैं। आपको बता दे कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से कहा है कि भारी बारिश से परेशान परिवारों को हर हाल में मदद मिल जानी चाहिए। कोई समय बर्बाद ना किए तुरंत सभी लोगों तक सरकार के द्वारा सारी मदद पहुंच जानी चाहिए।
वहीं सीएम योगी ने कहा कि बारिश के कारण हुई जनहानि और पशुहानि पर नियमानुसार तत्काल मुआवजा दिया जाए। जिन लोगों के मकान बारिश में गिर गए हैं, उन्हें भी अनुमन्य सहायता राशि जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को फसलों को हुए नुकसान का तत्काल सर्वे कराने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिया कि फसल बर्बादी का आकलन कर प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा दिया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े। बाढ़ प्रभावित इलाकों में रहने वाले लोगों को जरूरत के अनुसार बाढ़ राहत केंद्र और शरणालय केंद्रों में पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
मकान गिरने से बेघर हुए परिवारों को भी सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों को फील्ड में रहकर स्थिति की निगरानी करने और प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों को हर संभव सहायता तुरंत उपलब्ध कराई जाए। राहत और बचाव कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।