Lucknow Desk: जनपद में पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। अत्यधिक वर्षा के कारण खरीफ की उर्द, मूंग, सोयाबीन समेत कई फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। खेतों में पानी भरने और फसलें खराब होने से किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। शनिवार को कस्बा मड़ावरा के तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में क्षेत्र के कई किसान पहुंचे।
किसानों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपते हुए खराब हुई फसलों का सर्वे कराने, फसल बीमा का लाभ दिलाने और उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की। किसानों का कहना है कि इस साल खरीफ की फसल से उन्हें काफी उम्मीद थी, लेकिन लगातार बारिश ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया। कई किसानों की फसल खेतों में ही खराब हो गई है। इससे खेती में लगाया गया पैसा डूबने का खतरा है और परिवार के खर्च को लेकर भी किसानों की परेशानी बढ़ गई है।
फसल नुकसान के मुद्दे को लेकर इससे पहले भारतीय किसान यूनियन, ब्रह्मानंद यूथ ब्रिगेड सहित कई किसान संगठनों की ओर से भी मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के नाम सौंपे जा चुके हैं। किसान संगठनों ने जल्द सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को राहत देने की मांग की है। इस मामले में जिलाधिकारी ललितपुर ने किसानों को भरोसा दिलाया कि फसलों का सर्वे कराया जाएगा और जल्द ही इसकी रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। उन्होंने किसानों से कृषि बीमा कंपनी के टोल फ्री नंबर पर अपनी शिकायत दर्ज कराने की भी अपील की, ताकि पात्र किसानों को फसल बीमा का लाभ मिल सके।