Lucknow Desk: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने छात्र सभा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आगामी चुनाव की तैयारियों में जुटने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि छात्र सभा के साथी कॉलेजों में जाकर युवाओं को समाजवादी पार्टी से जोड़ने का काम करेंगे। इसके लिए नई यूनिफॉर्म के जरिए समानता और संगठन की विचारधारा का संदेश पहुंचाने की बात भी कही। अखिलेश यादव ने PDA को प्रोग्रेसिव और डेमोक्रेटिक सोच से जोड़ते हुए कहा कि इसका अर्थ प्रेम, दया और अपनापन भी है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग धर्म और जातियों के लोग जब आपसी सौहार्द के साथ रहते हैं तो समाज और देश का भविष्य बेहतर होता है।
उनका कहना था कि सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए युवाओं को इस आंदोलन से जोड़ना जरूरी है। सपा अध्यक्ष ने नीले रंग को संविधान, लोकतंत्र और बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की विचारधारा से जोड़ते हुए कहा कि यह नई विचारधारा के साथ आगे बढ़ने का संदेश देता है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने के बाद छात्र सभा के पदाधिकारियों को दुनिया की बेहतरीन यूनिवर्सिटी में भेजने की दिशा में काम किया जाएगा।
अखिलेश यादव ने प्रदेश की अर्थव्यवस्था को लेकर भी बीजेपी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर अर्थशास्त्री ग्रोथ में कमी की बात कह रहे हैं तो इस पर सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि यूपी में विकास के नाम पर वास्तविक काम नहीं हो रहा है। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बीजेपी की ओर से नकारात्मक वीडियो बनाए जाने के आरोप पर अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव नजदीक हैं और समाजवादी पार्टी भी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जवाब देने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि बीजेपी मुद्दों पर चुनाव लड़े और नकारात्मकता फैलाने से बचे।