Lucknow Desk: लखनऊ में सेवा संकल्प अभियान को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अभियान से जुड़े कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत प्रदेश में सेवा, राष्ट्र और देश की उपलब्धियों से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री के बड़नगर से काशी तक के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर दो विशेष यात्राएं निकाली जाएंगी। एक यात्रा बड़नगर से शुरू होकर काशी की ओर आएगी, जबकि दूसरी यात्रा काशी से बड़नगर के लिए रवाना होगी। बड़नगर से यात्रा के दौरान वहां का पवित्र जल लाया जाएगा।
वहीं, काशी से उत्तर प्रदेश की 10 अलग-अलग प्रमुख नदियों का पवित्र जल लेकर यात्रा निकाली जाएगी। इन यात्राओं को अलग-अलग मार्गों से आगे बढ़ाया जाएगा। दोनों कार्यक्रमों की शुरुआत 17 सितंबर को होगी और यात्राएं 7 अक्टूबर को अपने निर्धारित गंतव्य तक पहुंचेंगी। इसके बाद इन्हें संबंधित आयोजनों से जोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेश में ‘राष्ट्र के रंग, सेवा के रंग और राष्ट्र के संग’ थीम पर रंगोली प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी।
इसके लिए लखनऊ समेत प्रदेश के अलग-अलग महत्वपूर्ण स्थानों का चयन किया गया है। इन स्थानों पर भारत की महत्वपूर्ण उपलब्धियों और देश की प्रगति से जुड़ी अलग-अलग थीम पर रंगोली बनाई जाएगी। प्रतियोगिता के जरिए देश की उपलब्धियों, सेवा भावना और राष्ट्र के प्रति जुड़ाव को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। मुख्यमंत्री के अनुसार, इन कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों को देश की उपलब्धियों और सेवा भावना से जोड़ना है। अभियान के तहत अलग-अलग कार्यक्रमों के माध्यम से आम लोगों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।