रूदौली (अयोध्या)। रौजागांव चीनी मिल के पास स्थित चाय के होटल में आग लगने से लाखों रुपये की सामग्री जलकर राख हो गई। आग की लपटें उठती देख होटल संचालक रामशरण ने किसी तरह अपनी जान बचाई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
सूचना पर दमकल की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। घटना की जानकारी मिलते ही रूदौली विधायक रामचंद्र यादव, उपजिलाधिकारी विनोद कुमार गुप्ता और तहसीलदार विजय कुमार गुप्ता मौके पर पहुंचे। जनप्रतिनिधि और अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित होटल संचालक से जानकारी ली तथा नुकसान का जायजा लिया। विधायक रामचंद्र यादव ने पीड़ित को हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन देते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में वह उनके साथ खड़े हैं।
उन्होंने अग्निकांड में हुए नुकसान का आकलन कराकर नियमानुसार मुआवजा दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई कराने की बात भी कही। अधिकारियों ने भी मामले की जानकारी लेकर पीड़ित को हरसंभव मदद का भरोसा दिया। अचानक हुई इस घटना से होटल संचालक के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। विधायक के साथ समाजसेवी मायाराम यादव, सचिन कसौधन,आदि लोग मौजूद रहे।