नई दिल्ली। महिला आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस अध्यक्ष
मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा
है। खरगे ने कहा कि मौजूदा सदन की संख्या और परिसीमन व्यवस्था के आधार पर महिलाओं
को एक-तिहाई सीटें आवंटित की जा सकती हैं। उन्होंने सवाल किया, “आपको कौन रोक रहा है?”
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण के
मुद्दे पर विपक्ष को बदनाम करने और उसकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है।
उनके मुताबिक, अगर कांग्रेस
इस कानून के विरोध में होती, तो वह इसे
पारित कराने की कोशिश क्यों करती? उन्होंने कहा
कि प्रधानमंत्री मोदी झूठ बोलकर जनता को गुमराह करना चाहते हैं और यह विपक्ष की
छवि खराब करने की एक चाल है।
मल्लिकार्जुन खरगे बोले- कांग्रेस महिला आरक्षण के खिलाफ नहीं
खरगे ने कहा कि कांग्रेस महिला आरक्षण कानून
के खिलाफ नहीं है। उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वह इस मुद्दे का
इस्तेमाल अपना एजेंडा आगे बढ़ाने और विपक्ष को निशाना बनाने के लिए कर रही है।
क्या है नारी
शक्ति वंदन अधिनियम?
महिला आरक्षण कानून को नारी शक्ति वंदन
अधिनियम, 2023 कहा जाता है। इसके तहत लोकसभा और राज्य
विधानसभाओं में महिलाओं के लिए लगभग एक-तिहाई सीटें आरक्षित करने का प्रावधान है।
दिल्ली विधानसभा भी इसके दायरे में आती है।